चारा घोटाले से संबंधित मामले में दोषी करार दिए लालू यादव ने ट्वीट कर कहा- ना ज़ोर चलेगा लाठी का लालू लाल है माटी का (फाइल फोटोःपीटीआई)
आरजेडी प्रमुख लालू यादव को चारा घोटाले के एक अन्य मामले में रांची में सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने दोषी करार दिए जाने के बाद लगातार 6 ट्वीट किए.
नई दिल्लीः आरजेडी प्रमुख लालू यादव को चारा घोटाले के एक अन्य मामले में रांची में सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने दोषी करार दिया है. इस मामल में 22 लोगों को आरोपी बनाया गया था. जिनमें से 15 को दोषी करार दिया गया. इस मामले में 7 अन्य आरोपियों को कोर्ट ने बरी कर दिया है. जिसमें बिहार के पूर्व सीएम जगन्नाथ मिश्र को बरी कर दिया है. फैसले के बाद मिश्र ने कोर्ट के बाहर कहा 'उन्हें न्याय मिल गया है'.
रांची की सीबीआई स्पेशल कोर्ट के जज शिवपाल सिंह की अदालत ने अहम फैसला सुनाया. इस दौरान लालू के साथ अदालत में उनके बेटे तेजस्वी यादव, आरजेडी नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी एवं अन्य नेता, समर्थक मौजूद रहे. दोषी ठहराए जाने के बाद लालू, उनके पुत्र एवं अन्य नेता एवं समर्थक बेहद तनाव में नजर आए. इस मामले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा, विद्यासागर निषाद, आर के राणा, जगदीश शर्मा, ध्रुव भगत, समेत 22 लोग आरोपी थे.
बता दें कि इससे पहले चाईबासा कोषागार से 37 करोड़, 70 लाख रुपये की अवैध ढंग से निकासी करने के चारा घोटाले के एक अन्य मामले में इन सभी को सजा हो चुकी है. लालू यादव के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से फैसले के बाद ट्वीट किया गया 'झूठे जुमले बुनने वालों सच अपनी ज़िद पर खड़ा है।धर्मयुद्ध में लालू अकेला नहीं पूरा बिहार साथ खड़ा है।'


No comments:
Post a Comment