अय्यर ने कहा, ‘‘और अगर पार्टी को चुनाव में कुछ भी नुकसान होता है, तो जो भी उचित दण्ड कांग्रेस पार्टी देना चाहे वो दे सकती है.’’उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी गुजरात में राहुल गांधी के नेतृत्व में अच्छा काम कर रही है.
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ टिप्पणी करने के कारण कांग्रेस से निलंबित होने के एक दिन बाद मणिशंकर अय्यर ने शुक्रवार(8 दिसंबर) को कहा कि अगर गुजरात चुनाव में पार्टी को कोई नुकसान पहुंचता है तो वह कोई भी दण्ड भुगतने को तैयार हैं. अय्यर ने कहा, ‘‘अगर मेरे कुछ भी कहने से कांग्रेस को कुछ भी नुकसान पहुंचा है तो इसका मुझे बहुत ही अफसोस है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘और अगर पार्टी को चुनाव में कुछ भी नुकसान होता है, तो जो भी उचित दण्ड कांग्रेस पार्टी देना चाहे वो दे सकती है.’’उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी गुजरात में राहुल गांधी के नेतृत्व में अच्छा काम कर रही है. यह पूछे जाने पर कि वह कांग्रेस के बारे में क्या महसूस करते हैं, ‘‘कांग्रेस ने मुझे बहुत दिया है. यदि कांग्रेस नहीं हुई तो भारत का कोई भविष्य नहीं होगा.’’
बता दें गुरुवार (7 दिसंबर) को मणिशंकर अय्यर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘‘नीच आदमी’’ बताकर और उनमें कोई ‘‘सभ्यता नहीं’’ होने का आरोप लगाकर एक नया राजनीतिक विवाद पैदा कर दिया जिसे मोदी ने गुजरात का अपमान तथा ‘‘मुगल मानसिकता’’ का प्रतीक बताकर पलटवार किया. कांग्रेस ने इस बयान के कारण अय्यर को कारण बताओ नोटिस जारी किया और उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबत कर दिया.
अय्यर ने प्रधानमंत्री मोदी के संविधान निर्माता डा. बी आर अंबेडकर के बारे में एक बयान पर प्रतिक्रिया जताते हुए कहा, ‘‘ये बहुत नीच किस्म का आदमी है. इसमें कोई सभ्यता नहीं है और ऐसे मौके पर इस किस्म की गंदी राजनीति करने की क्या आवश्यकता है?’’ कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल ने अय्यर की टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि वह एवं कांग्रेस, दोनों उम्मीद करते हैं कि अय्यर इस टिप्पणी के लिए माफी मांगेंगे.
राहुल गांधी के कड़े रूख के बाद मणिशंकर अय्यर ने अपने हिन्दी भाषी न होने की ओर ध्यान दिलाते हुए इस शब्द के प्रयोग के लिए माफी मांग ली. अय्यर ने कहा कि उन्होंने जो कहा वह अंग्रेजी शब्द ‘लो (निम्न)’ का हिंदी अनुवाद है जो उनकी भाषा नहीं है. किंतु प्रधानमंत्री ने जिस तरह से इस शब्द का गलत अर्थ ‘‘नीची जाति’’ के रूप में निकाला तो इसके लिए वह माफी मांगते हैं.
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे बताया गया कि ‘नीच’ के हिन्दी में कई अर्थ और कई मायने हैं और यदि श्री मोदी इसे विकृत कर यह दावा करे कि इसका अर्थ नीची जाति में पैदा होना है तो मैं सिर्फ यही कर सकता हूं कि मैं ऐसे शब्द के प्रयोग के लिए माफी मांगता हूं जिसका अर्थ नीची जाति के रूप में किया जा सकता है. किन्तु मेरी ऐसी मंशा बिल्कुल भी नहीं थी और निश्चित तौर पर यह संस्कृति का अंग नहीं है.’’
अय्यर ने कहा, ‘‘लिहाजा इस शब्द के गलत अर्थ निकाले जाने के लिए मैं माफी मांगता हूं विशेषकर चूंकि इससे गुजरात में कांग्रेस पार्टी के हितों को नुकसान पहुंचेगा.’’ उन्होंने कहा कि हिन्दी उनकी भाषा नहीं है तथा अंग्रेजी शब्द ‘लो’ के अनुवाद में गलती हो सकती है. ‘‘मेरी मंशा उनके परिवार के बारे में बात करने की नहीं थी.’’ साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी ने विगत में उनके शब्दों को गलत ढंग से पेश किया. उन्होंने यह दावा किया कि 2014 चुनाव से पहले उन्होंने कभी ‘चायवाला’ शब्द का इस्तेमाल नहीं किया था.


No comments:
Post a Comment