राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के अलावा मुंबई, चेन्नई, बेंगलूरु, हैदराबाद और पुणे समेत 13 अन्य शहरों में बीएस-6 मानक के पेट्रोल और डीजल की बिक्री अगले वर्ष पहली जनवरी से शुरू होगी। वहीं, देश के बाकी शहरों में बीएस-6 ईंधन की बिक्री की शुरुआत अप्रैल, 2020 से की जाएगी।
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के डायरेक्टर (रिफाइनरीज) बी. वी. रामागोपाल ने कहा कि सार्वजनिक तेल कंपनियों ने दिल्ली के सभी 391 पेट्रोल पंप रविवार से बीएस-6 पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति शुरू कर देंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि तेल कंपनियों ने स्वच्छ ईंधन के उत्पादन पर भारी रकम का निवेश किया है। लेकिन कंपनियां ग्राहकों से यह रकम वसूलने के पक्ष में नहीं हैं और ग्राहकों को स्वच्छ ईंधन के लिए फिलहाल ज्यादा मूल्य नहीं चुकाना होगा। हालांकि कंपनियों के लिए स्वच्छ ईंधन उत्पादन पर प्रति लीटर करीब 50 पैसे का अतिरिक्त खर्च आएगा।
दिल्ली में सालाना 9.6 लाख टन पेट्रोल और 12.65 लाख टन डीजल की खपत होती है। इस मांग की आपूर्ति के लिए उत्तर प्रदेश की मथुरा, हरियाणा की पानीपत, मध्य प्रदेश की बीना और पंजाब की बठिंडा रिफाइनरी में बीएस-6 मानक के ईंधन का उत्पादन शुरू हो चुका है। स्वच्छ ईंधन के उत्पादन के लिए अकेले पानीपत रिफाइनरी पर करीब 183 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है।
No comments:
Post a Comment